कांगड़ा में जिला स्तरीय कार्यशाला, किशोरियों को सिखाए आत्मविश्वास, संवाद और इंटरव्यू के गुर

7 सितंबर, तरसेम जरयाल : जागोरी रूरल चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से किशोरियों के नेतृत्व एवं व्यक्तित्व विकास के लिए संचालित ‘आगाज़’ कार्यक्रम के तहत कांगड़ा ब्लॉक कार्यालय में Communication एवं Interview Skills विषय पर एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें कांगड़ा, रैत, नगरोटा बगवां, धर्मशाला और नगरोटा सूरियां विकास खंडों से 24 किशोरियों ने भाग लिया।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य किशोरियों में प्रभावी संवाद, आत्मविश्वास, सकारात्मक व्यक्तित्व, सार्वजनिक रूप से अपनी बात रखने और इंटरव्यू से जुड़ी तैयारियों के संबंध में व्यावहारिक कौशल विकसित करना रहा। इस दौरान विभिन्न खेलों, परिचयात्मक गतिविधियों, समूह चर्चा, रोल प्ले, प्रश्न-उत्तर, कहानी निर्माण और प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रतिभागियों को संवाद कौशल की जानकारी दी गई।

कार्यशाला में किशोरियों को वर्बल एवं नॉन-वर्बल कम्युनिकेशन, बॉडी लैंग्वेज, आई कॉन्टेक्ट, ध्यानपूर्वक सुनने, प्रस्तुतीकरण और टीमवर्क जैसे महत्वपूर्ण कौशलों के बारे में समझाया गया। गतिविधियों के माध्यम से उन्हें अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने और दूसरों के विचारों को बेहतर तरीके से समझने का अभ्यास भी करवाया गया।

इंटरव्यू स्किल्स सत्र में किशोरियों को इंटरव्यू से पहले की तैयारी, संबंधित संस्था एवं नौकरी के बारे में आवश्यक जानकारी जुटाने, रिज्यूमे की समझ और संभावित प्रश्नों की तैयारी के बारे में बताया गया। साथ ही इंटरव्यू के दौरान आत्मविश्वास बनाए रखने, उचित बॉडी लैंग्वेज, आई कॉन्टेक्ट और सकारात्मक व्यवहार के महत्व पर भी चर्चा की गई।

इस दौरान किशोरियों ने अपनी व्यक्तिगत खूबियों और उन क्षेत्रों की पहचान की, जिनमें वे आगे सुधार करना चाहती हैं। प्रतिभागियों ने खुलकर बोलने, ओवरथिंकिंग कम करने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने, घबराहट एवं गुस्से पर नियंत्रण रखने तथा नई चीजें सीखने में सक्रिय भागीदारी बढ़ाने जैसे व्यक्तिगत लक्ष्यों पर चर्चा की।

कार्यशाला के माध्यम से किशोरियों को अपनी क्षमताओं और सुधार के क्षेत्रों को पहचानने का अवसर मिला। साथ ही संवाद, पब्लिक स्पीकिंग, टीमवर्क, सुनने और प्रस्तुतीकरण जैसे कौशलों को विकसित करने के साथ उन्हें शिक्षा, रोजगार और नेतृत्व के भविष्य के अवसरों के लिए स्वयं को बेहतर तरीके से तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *