7 सितंबर: उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हारचक्कियां में आयोजित तीन दिवसीय अंडर-19 छात्रा जोनल स्तरीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में 17 विद्यालयों की करीब 150 छात्राएं विभिन्न खेल स्पर्धाओं में भाग ले रही हैं।
इस अवसर पर पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेलों में आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन युवा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास होता है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल के युवाओं में खेल प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल उन्हें उचित मार्गदर्शन, बेहतर प्रशिक्षण और खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने की है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खिलाड़ियों की उपलब्धियों को सम्मान दे रही है और उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार राशि में भी ऐतिहासिक बढ़ोतरी की गई है।
पठानिया ने बताया कि ओलंपिक, शीतकालीन ओलंपिक और पैरालंपिक में स्वर्ण पदक की पुरस्कार राशि 3 करोड़ से बढ़ाकर 5 करोड़, रजत पदक की 2 करोड़ से बढ़ाकर 3 करोड़ और कांस्य पदक की 1 करोड़ से बढ़ाकर 2 करोड़ रुपये की गई है। वहीं एशियाई और पैरा एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक की राशि 50 लाख से बढ़ाकर 4 करोड़, रजत की 30 लाख से बढ़ाकर 2.50 करोड़ और कांस्य की 20 लाख से बढ़ाकर 1.50 करोड़ रुपये की गई है।
उन्होंने खिलाड़ी छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल में हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना, अनुशासन और निरंतर प्रयास है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रतियोगिता में भाग ले रहीं खिलाड़ी भविष्य में जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल का नाम रोशन करेंगी।
उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए विद्यालय प्रबंधन, आयोजकों और सहयोगी स्टाफ को बधाई दी।