5 सितंबर, नरेश मलोटिया : पीएम श्री स्कूल ऑफ एक्सीलेंस राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नादौन में अध्यापक दिवस के अवसर पर शिक्षा संवाद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने की। इसमें अभिभावकों, अध्यापकों और स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्यों ने भाग लिया।
संवाद के दौरान विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, अनुशासन, सर्वांगीण विकास और विद्यालय से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। विद्यालय के संस्कृत अध्यापक आचार्य नरेश मलोटिया ने कहा कि शिक्षा संवाद अभिभावकों और अध्यापकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को समझने और उनकी शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए विद्यालय तथा अभिभावकों के बीच निरंतर संवाद जरूरी है।
प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने अभिभावकों से नियमित रूप से विद्यालय आकर अपने बच्चों की पढ़ाई और प्रगति की जानकारी लेने तथा अध्यापकों के संपर्क में रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय और अभिभावकों के संयुक्त प्रयासों से विद्यार्थियों की शिक्षा को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
टीजीटी नॉन-मेडिकल अध्यापिका एवं एसएमसी सह-प्रभारी अनु बाला ने भी अभिभावकों से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं और सुझावों पर चर्चा की। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक संजीव कुमार, रजनीश कुमार, अजय कुमार, रजनी बाला, शिवानी शर्मा, सुनील अत्री, मोनिका, सपना, अनीता रानी, नीना धीमान, तारा देवी, भावना, सुषमा देवी, बनिता, प्रियंका, सोनिका, दीक्षा, नेहा, नवदीप कौर, संजीव कौशल, अम्बिका, अभय, अरुण, सविता सहित अन्य अध्यापक उपस्थित रहे।