5 सितम्बर: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। ऊना पुलिस की स्पैशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (एसआईयू) ने कोटला खुर्द में कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को 10 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी बरामद हुआ है।
पुलिस को क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर एसआईयू टीम ने कोटला खुर्द स्थित शिव मंदिर के पास दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध रूप से मौजूद राजिंद्र शर्मा निवासी कोटला खुर्द की तलाशी ली। उसके बैग से 10 ग्राम चिट्टा और नशा तोलने वाली इलेक्ट्रॉनिक मशीन बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी को मौके पर हिरासत में लेकर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी नशे की खेप कहां से लेकर आया था और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
ऊना के एसपी सचिन हीरेमठ ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि जिला पुलिस नशा माफिया के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि क्षेत्र में नशे की अवैध बिक्री या तस्करी की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।