सोलन के चौक बाजार में खूनी झड़प, युवक की मौत; दो आरोपी गिरफ्तार

5 सितंबर: हिमाचल प्रदेश के सोलन शहर के चौक बाजार के समीप शुक्रवार देर शाम दो गुटों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। झड़प में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हुए हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मृतक की पहचान अमन निवासी कालका, हरियाणा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर शाम किसी बात को लेकर युवकों के दो गुटों में कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान तेजधार हथियार से किए गए हमले में अमन गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हिंसक झड़प में दो अन्य युवक भी घायल हुए हैं। इनमें एक युवक की उंगली कटने और दूसरे के सिर पर तेजधार हथियार से चोट लगने की जानकारी सामने आई है। दोनों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आरोपियों की पहचान के प्रयास तेज किए। मामले में पुलिस ने मंथन और अंकुश नामक दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और विवाद के कारणों की जांच की जा रही है।

घटना के बाद एसपी सोलन साईं दत्तात्रेय वर्मा और एएसपी रमेश शर्मा भी क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मामले की जानकारी ली तथा जांच को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस गश्त की समीक्षा की जाएगी और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *