श्रीकृष्ण भक्ति में डूबा नूरपुर, शोभायात्रा से महोत्सव का शुभारंभ

5 सितंबर: नूरपुर में दो दिवसीय राज्य स्तरीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार को भव्य शोभा यात्रा के साथ हुआ। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने शोभा यात्रा की अगुवाई की। बाजार से होते हुए शोभा यात्रा श्री बृजराज स्वामी मंदिर पहुंची, जहां विधानसभा अध्यक्ष ने पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान पूर्व विधायक अजय महाजन भी मौजूद रहे।

शोभा यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पारंपरिक वेशभूषा, धार्मिक झांकियों और भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। विधानसभा अध्यक्ष ने दही हांडी प्रतियोगिता में भी भाग लिया और विजेता टीम को सम्मानित किया। प्रतियोगिता को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

अपने संबोधन में कुलदीप सिंह पठानिया ने प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नूरपुर स्थित श्री बृजराज स्वामी मंदिर का धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व विशेष है। मान्यता के अनुसार यह भगवान श्रीकृष्ण और भक्त मीरा से जुड़ा विश्व का इकलौता मंदिर है, जहां भगवान श्रीकृष्ण के साथ मीरा की प्रतिमा भी विराजमान है।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन और गीता का संदेश आज भी पूरी मानवता के लिए प्रेरणादायक है। श्रीकृष्ण ने सत्य, धर्म और कर्तव्य के मार्ग पर चलने का संदेश दिया, जिसे जीवन में अपनाना सभी का दायित्व है।

विधानसभा अध्यक्ष ने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति, स्थानीय प्रशासन और मंदिर कमेटी को बधाई दी। उन्होंने महोत्सव के आयोजन के लिए समिति को एक लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

महोत्सव की स्टार नाइट में हिमाचली लोक गायक काकू राम ठाकुर और कुमार साहिल ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। दोनों कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शक देर रात तक झूमते रहे। विभिन्न स्कूलों के बच्चों और स्थानीय कलाकारों ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर हिमाचली संस्कृति की झलक पेश की।

इस अवसर पर वन विकास निगम के निदेशक मंडल के सदस्य योगेश महाजन, एसपी इल्मा अफरोज, एसडीएम अरुण शर्मा, तहसीलदार राधिका सैनी, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष संदेश डडवाल, कांग्रेस प्रवक्ता सुदर्शन शर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष नीति महाजन, उपाध्यक्ष सोनिया सोगा, श्री बृजराज स्वामी मंदिर कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *