नूरपुर में राज्यस्तरीय श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव आज से, शोभायात्रा और दही हांडी रहेगा मुख्य आकर्षण

4 सितंबर: राज्यस्तरीय श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के दो दिवसीय आयोजन के लिए नूरपुर पूरी तरह तैयार है। 4 और 5 सितंबर को आयोजित होने वाले इस महोत्सव में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भव्य शोभायात्रा और दही हांडी कार्यक्रम मुख्य आकर्षण रहेंगे।

एसडीएम अरुण शर्मा ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ 4 सितंबर को विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया बतौर मुख्यातिथि करेंगे। वहीं, 5 सितंबर को फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

उन्होंने बताया कि 4 सितंबर को विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया नगर परिषद परिसर में समाजसेवी स्वर्गीय आर.के. महाजन की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद दोपहर 4 बजे चौगान से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। मुख्यातिथि की अगुवाई में निकलने वाली शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। शोभायात्रा के बाद मंदिर में पूजा-अर्चना की जाएगी और दही हांडी कार्यक्रम का शुभारंभ होगा।

महोत्सव के दोनों दिन स्थानीय कलाकारों, स्कूली बच्चों और अन्य प्रतिभागियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। 4 सितंबर की स्टार नाइट में हिमाचली लोक गायक काकू राम ठाकुर और कुमार साहिल प्रस्तुति देंगे। 5 सितंबर की स्टार नाइट में बॉलीवुड गायक डॉ. गगन सिंह और अनुज शर्मा अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।

एसडीएम ने बताया कि महोत्सव को लेकर सुरक्षा, यातायात, पेयजल और साफ-सफाई सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं से महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने की अपील की।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *