1 फरबरी: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में शुक्रवार तड़के प्रकृति का कहर देखने को मिला। सोलन-सुबाथू मार्ग पर देवठी के पास अचानक गिरी आसमानी बिजली की चपेट में आने से 55 से अधिक भेड़-बकरियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य पशु गंभीर रूप से घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि घटना के समय मौके पर मौजूद तीन भेड़ पालक बाल-बाल बच गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा सुबह करीब 3:45 बजे हुआ। उस समय भेड़ पालक अपने झुंड के साथ देवठी क्षेत्र में ठहरे हुए थे। हल्की बारिश शुरू होने पर वे टैंट लगाने की तैयारी कर ही रहे थे कि अचानक तेज गर्जना के साथ आसमानी बिजली गिर गई। बिजली की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दर्जनों भेड़-बकरियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
इस हादसे से प्रभावित भेड़ पालक जनजातीय जिला किन्नौर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। उनके पास करीब 650 भेड़-बकरियों का झुंड था। मृत पशुओं में भावा निवासी विशाल नेगी, विनय सिंह, कृष्ण भगत तथा चौरा निवासी विनोद कुमार की भेड़-बकरियां शामिल हैं।
भेड़-बकरियां ही इन चरवाहों की आजीविका का मुख्य साधन होती हैं। एक साथ इतने बड़े पैमाने पर पशुधन की मौत से उन्हें लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना के बाद भेड़ पालक सदमे में हैं और उन्होंने प्रशासन से उचित मुआवजा देने की मांग की है।