16 नवम्बर: धर्मशाला के तपोवन में 16 से 21 नवंबर तक आयोजित होने वाले हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने तैयारियों का जायजा लेते हुए विधानसभा परिसर और आसपास की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने अग्निशमन विभाग, लोक निर्माण विभाग, पेयजल आपूर्ति, विद्युत विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों की ओर से की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उपायुक्त ने अधिकारियों को सत्र के दौरान निर्बाध पेयजल और बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा अग्नि सुरक्षा, सड़कों और अन्य आवश्यक सुविधाओं को भी सुचारू बनाए रखने को कहा।
उन्होंने सभी विभागों को तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने तथा विधानसभा सत्र के दौरान आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि सत्र के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।