4 सितम्बर: नड्डी क्षेत्र में भारी भूस्खलन के कारण धर्मशाला टाउन वाटर सप्लाई स्कीम को पानी उपलब्ध करवाने वाली मुख्य ग्रेविटी पाइपलाइनों को नुकसान पहुंचा है। इसके चलते धर्मशाला शहर के कई क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई है।
जल शक्ति विभाग, धर्मशाला के अधिशासी अभियंता सुमित कटोच ने बताया कि नड्डी स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से धर्मशाला शहर को प्रतिदिन करीब 4.40 एमएलडी पेयजल उपलब्ध करवाया जाता है। लगातार बारिश के कारण नड्डी में हुए भूस्खलन से पाइपलाइनों को नुकसान पहुंचा और जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित हुई।
उन्होंने बताया कि क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों की मरम्मत और आपूर्ति बहाली के लिए विभाग की टीमों को मौके पर तैनात किया गया है। लगातार बारिश और जमीन अस्थिर होने के कारण काम में कुछ समय लग सकता है, लेकिन विभाग सुरक्षित तरीके से जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल करने में जुटा है।
शहर में पेयजल आपूर्ति बनाए रखने के लिए धार प्लांट के साथ दाड़ी बाईपास से भी पानी उपलब्ध करवाया जा रहा है। वैकल्पिक स्रोतों के माध्यम से प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
विभाग ने शहरवासियों से अपील की है कि आपूर्ति सामान्य होने तक पानी का आवश्यकता के अनुसार ही उपयोग करें और अनावश्यक खपत से बचें। विभाग ने भरोसा दिलाया है कि परिस्थितियां सामान्य होते ही नियमित पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।