सोलन जिला के जाबली में दुकानदार के बाहर निकलते ही दुकान में घुसा भारी मलबा, टला बड़ा हादसा

3 सितंबर: सोलन जिला के जाबली क्षेत्र में एक दुकानदार उस समय बाल-बाल बच गया, जब भारी बारिश के बीच कुछ ही सेकंड में दुकान के अंदर मलबा आ गिरा। गनीमत रही कि आसपास मौजूद लोगों की सतर्कता के चलते दुकानदार समय रहते दुकान से बाहर निकल गया।

जानकारी के अनुसार, परवाणु और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। इसी दौरान जाबली में एक दुकान की छत से भारी मात्रा में मलबा बहकर आने लगा। स्थिति को भांपते हुए बाहर खड़े दुकानदार के शुभचिंतकों ने उसे तुरंत दुकान से बाहर निकलने के लिए कहा।

दुकानदार जैसे ही बाहर निकला, उसके कुछ ही सेकंड बाद भारी मलबा दुकान के अंदर जा गिरा। अचानक हुए इस घटनाक्रम को देखकर वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए। अगर दुकानदार कुछ सेकंड और दुकान के अंदर रुक जाता तो वह मलबे की चपेट में आ सकता था।

समय रहते बाहर निकलने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। घटना ने एक बार फिर बरसात के मौसम में सतर्क रहने और खतरे का आभास होते ही सुरक्षित स्थान पर जाने की जरूरत को सामने ला दिया है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *