भोरंज के सरकारी स्कूलों में ऑनलाइन कोचिंग के बेहतर परिणाम, एसडीएम ने दिए व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश

3 सितंबर: भोरंज क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में पिछले एक वर्ष से जेईई और नीट जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए संचालित की जा रही ऑनलाइन कोचिंग के उत्साहजनक परिणाम सामने आए हैं। कई विद्यार्थियों ने प्रतियोगी परीक्षाओं में भाग लेकर प्रतिष्ठित कॉलेजों में प्रवेश हासिल किया है।

बुधवार को मिनी सचिवालय भोरंज में विभिन्न सरकारी स्कूलों के प्रधानाचार्यों के साथ आयोजित बैठक में एसडीएम शशि पाल शर्मा ने कोचिंग कार्यक्रम की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करना काफी उत्साहजनक है। ऑनलाइन कोचिंग के माध्यम से विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के लिए बेहतर अवसर मिल रहे हैं।

एसडीएम ने सभी फैकल्टी सदस्यों को निर्देश दिए कि स्कूलों में कोचिंग की व्यवस्था को निरंतर जारी रखा जाए और इसमें समय-समय पर आवश्यक सुधार किए जाएं, ताकि विद्यार्थियों को और बेहतर मार्गदर्शन मिल सके तथा आने वाले समय में परिणामों में और सुधार हो।

उन्होंने प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए कि जब स्कूल के अध्यापक ऑनलाइन कोचिंग की कक्षाएं लें तो उनके साथ कंप्यूटर साइंस के शिक्षक की भी तैनाती सुनिश्चित की जाए। इससे तकनीकी व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में मदद मिलेगी।

एसडीएम ने स्कूलों में ऑनलाइन कक्षाओं के लिए इनवर्टर और इंटरनेट नेटवर्क की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा। बैठक के दौरान ऑनलाइन कोचिंग से जुड़े विभिन्न अन्य विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *