3 सितंबर: उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने कहा कि जवाहर नवोदय विद्यालय पपरोला का उत्कृष्ट शैक्षणिक रिकॉर्ड और अनुशासित वातावरण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। विद्यालय ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को निखारकर उन्हें सफलता के नए अवसर प्रदान कर रहा है। शिक्षकों के मार्गदर्शन में विद्यालय के विद्यार्थियों ने शिक्षा और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है।
उपायुक्त ने जवाहर नवोदय विद्यालय प्रबंधन समिति एवं विद्यालय सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए विद्यालय की व्यवस्थाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी उत्कृष्टता के स्तर को बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।
बैठक में विद्यालय के लिए अतिरिक्त भूमि उपलब्ध करवाने के मामले पर उपायुक्त ने एसडीएम बैजनाथ संकल्प गौतम को आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर आगामी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि वर्तमान में विद्यालय में 561 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए शैक्षणिक एवं आवासीय भवनों के पीछे सुरक्षा दीवार लगाने का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है और इसका आकलन नवोदय विद्यालय समिति को भेजा जा चुका है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश शर्मा ने बताया कि विद्यालय के साथ लगती कूहल के कारण भारी बारिश के दौरान पानी परिसर में प्रवेश कर जाता है। इससे विद्यालय प्रबंधन को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उपायुक्त ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
बैठक में कक्षा छठी में प्रवेश के लिए 28 नवंबर 2026 को प्रस्तावित परीक्षा को लेकर भी चर्चा हुई। इस परीक्षा में करीब 5,560 विद्यार्थियों के शामिल होने की संभावना है। उपायुक्त ने परीक्षा को पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने का आश्वासन दिया। उन्होंने परीक्षा में विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए विद्यालय प्रबंधन को ठोस प्रयास करने तथा इसके लिए एक समिति गठित करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय की उपलब्धियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को भी कहा।
उपायुक्त ने विद्यालय में विद्यार्थियों की नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने और जांच के दौरान सामने आने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय में सोलर लाइट लगाने और बास्केटबॉल मैदान को दुरुस्त करने का भी आश्वासन दिया।
प्रधानाचार्य ने विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं में कक्षा 12वीं विज्ञान एवं वाणिज्य वर्ग का औसत परिणाम 77.90 प्रतिशत और कक्षा 10वीं का औसत 85.42 प्रतिशत रहा। जेईई 2025-26 में छह विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की। सत्र 2024-25 से चार विद्यार्थियों ने आईआईटी और एनआईटी में प्रवेश प्राप्त किया, जिनमें एक विद्यार्थी आईआईटी गुवाहाटी और तीन एनआईटी हमीरपुर में चयनित हुए। दो विद्यार्थियों का चयन आईआईटी रुड़की के लिए भी हुआ।
नीट 2025-26 में भी छह विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की, जबकि पिछले सत्र से चार विद्यार्थियों ने सरकारी मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश लिया। विद्यालय ने एसवीएचआर में अखिल भारतीय स्तर पर 14वीं रैंक और हिमाचल प्रदेश में शहरी श्रेणी में प्रथम स्थान हासिल कर एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार भी प्राप्त किया।
उपायुक्त ने उम्मीद जताई कि विद्यालय प्रबंधन चालू शैक्षणिक सत्र में भी अपनी उत्कृष्ट उपलब्धियों को कायम रखते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।
इस अवसर पर प्रबंधन की ओर से उपायुक्त को सम्मानित किया गया। बैठक में एसडीएम बैजनाथ संकल्प गौतम, एसडीएम पालमपुर डॉ. ओपी यादव, प्रधानाचार्य राजेश शर्मा, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, अभिभावक और अध्यापक उपस्थित रहे।