3 सितम्बर: मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने जनसंपर्क अभियान के तहत ग्राम पंचायत नेरी के कमलाह गांव का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर चर्चा की। ग्रामीणों ने सिंचाई व्यवस्था, बारिश से क्षतिग्रस्त हुए रास्तों और गांव के लिंक रोड से जुड़ी समस्याएं उनके समक्ष रखीं।
ग्रामीणों ने कृषि सिंचाई योजना को बेहतर बनाने, बारिश से टूटे रास्तों की मरम्मत करवाने तथा कमलाह के लिंक रोड को पक्का कर फोरलेन हाईवे से जोड़ने की मांग की। वहीं, महिला मंडल की सदस्यों ने भवन की मरम्मत के साथ अतिरिक्त कमरे के निर्माण की मांग भी रखी।
सुनील शर्मा बिट्टू ने संबंधित अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कमलाह की सिंचाई परियोजना के तहत आवश्यक चैंबर बनाए जाएंगे और बरसात के कारण क्षतिग्रस्त हुए रास्तों की मरम्मत के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि बरसात समाप्त होने के बाद गांव के लिंक रोड को फोरलेन हाईवे से जोड़ने का कार्य शुरू किया जाएगा।
उन्होंने महिला मंडल भवन की मरम्मत और अतिरिक्त कमरे सहित अन्य विकास कार्यों के लिए भी बजट उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर पंचायत प्रधान रीना देवी, पंचायत सदस्य प्रोमिला देवी, किशन चंद, सोहन लाल, काका राम, पुरुषोत्तम चंद, विजय कुमार, देवराज शर्मा, सुरेश कुमार, पूर्व बीडीसी सदस्य संजीव शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।