पालमपुर में चलती स्कूटी पर युवक की बाजू से लिपटा सांप, बाल-बाल बची जान

1 सितंबर: सोमवार को पालमपुर में उस समय एक युवक के होश उड़ गए, जब चलती स्कूटी पर अचानक एक सांप उसकी बाजू से आकर लिपट गया। गनीमत रही कि सांप ने युवक को डंसा नहीं। युवक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत स्कूटी सड़क किनारे रोकी और नीचे उतर गया।

जानकारी के अनुसार रजनाली निवासी राकेश कुमार पालमपुर बाजार की ओर स्कूटी से जा रहा था। बंदला छिड़ चौक के समीप पहुंचने पर उसे अपनी बाजू पर कुछ हलचल महसूस हुई। ध्यान से देखने पर उसकी बाजू से सांप लिपटा हुआ था। यह देखकर वह घबरा गया और उसने तत्काल स्कूटी रोक दी।

राकेश के नीचे उतरते ही सांप स्कूटी के अगले हिस्से में बने मीटर कंसोल के अंदर जा छिपा। बाद में सावधानीपूर्वक मीटर कंसोल खोलने पर सांप बाहर निकलकर पास की झाड़ियों में चला गया। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने भी राहत की सांस ली।

आशंका जताई जा रही है कि राकेश के स्कूटी घर में खड़ी करने के दौरान सांप उसके अगले हिस्से में छिप गया होगा। स्कूटी चलने पर कंपन और हलचल के कारण वह बाहर निकलने लगा और इसी दौरान चालक की बाजू तक पहुंच गया।

बरसात और मौसम में बदलाव के दौरान सांप अक्सर सुरक्षित और सूखे स्थानों की तलाश में रहते हैं। ऐसे में वे कभी-कभी वाहनों के अंदर भी छिप सकते हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने वाहन चालकों से लंबे समय तक खड़े रहे वाहनों को चलाने से पहले उनकी जांच करने की अपील की है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *