घुमारवीं में आंगनबाड़ी केंद्रों और स्कूलों में चोरी के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, तीन गैस सिलेंडर बरामद

1 सितंबर: पुलिस थाना घुमारवीं के तहत आंगनबाड़ी केंद्र और प्राथमिक विद्यालयों में चोरी की वारदातों के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए तीन गैस सिलेंडर और एक गैस रेगुलेटर बरामद किया है। वारदात में इस्तेमाल की गई ऑल्टो के-10 कार को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।

पुलिस के अनुसार इस संबंध में थाना घुमारवीं में 30 अगस्त को विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायत के मुताबिक 27 और 28 अगस्त की मध्यरात्रि जरलू (रोहिण) स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के दो दरवाजे तोड़कर चोरी का प्रयास किया गया था।

मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने सुराग जुटाए और लखवीर सिंह उर्फ लक्की पुत्र देवराज निवासी बागठेड़ू, डाकघर भगेड़, तहसील घुमारवीं तथा जितेंद्र सिंह उर्फ शिशु पुत्र सरवन सिंह निवासी घुमाणी, डाकघर कंदरौर, तहसील घुमारवीं को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर तीन गैस सिलेंडर और एक गैस रेगुलेटर बरामद किया। इसके अलावा चोरी की वारदात में प्रयुक्त ऑल्टो के-10 कार को भी कब्जे में लिया गया है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और चोरी का सामान बरामद कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *