भरमौर में ढांक से गिरकर 82 वर्षीय बुजुर्ग की मौत

31 अगस्त: जनजातीय उपमंडल भरमौर की ग्राम पंचायत सचुईं में ढांक से गिरने के कारण 82 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान पृथो राम पुत्र स्वर्गीय किशोरी लाल, निवासी गांव सचुई के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार पृथो राम रोजाना की तरह घर के समीप मवेशियों को चराने के लिए निकले थे। इसी दौरान घर से कुछ दूरी पर अचानक उनका पांव फिसल गया और वह अनियंत्रित होकर गहरी ढांक में जा गिरे। हादसे का पता चलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें घायल अवस्था में भरमौर अस्पताल पहुंचाया।

भरमौर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चम्बा रेफर किया गया। देर शाम चम्बा से उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन बाथरी के समीप रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

रविवार को मेडिकल कॉलेज चम्बा में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई अमल में लाई है। एसपी चम्बा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि घटना को लेकर नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई की गई है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *