28 अगस्त: मंडी जिले के बालीचौकी के समीप सिहड़ा में हुए सड़क हादसे में जिला कुल्लू के बंजार क्षेत्र के एक शिक्षक की मौत हो गई, जबकि कार में सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब शिक्षक अपने घर लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, सिहड़ा के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे तीर्थन नदी में जा गिरी। हादसे में 51 वर्षीय दीप कुमार पुत्र भीम सैन, निवासी गांव सिहड़ा, डाकघर मंगलौर, तहसील बंजार, जिला कुल्लू की मौके पर ही मौत हो गई। दीप कुमार जिला कुल्लू के बंजार खंड के फगवाना स्कूल में अध्यापक के पद पर कार्यरत थे।
हादसे में 34 वर्षीय सुरेश कुमार पुत्र बेली राम, निवासी गांव सिहड़ा, जिला कुल्लू घायल हुए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर किया। नेरचौक में भी हालत गंभीर रहने पर उन्हें एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।