28 अगस्त: कुल्लू जिला मुख्यालय के समीप भेखली क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एचआरटीसी बस के अचानक ब्रेक फेल होने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में बस सवार 38 यात्रियों के घायल होने की सूचना है। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, हादसा दोपहर करीब 12 बजे भेखली के पास हुआ। बताया जा रहा है कि बस में करीब 60 से 70 यात्री सवार थे। अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए। चालक ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए बस को ढांक की ओर मोड़ दिया, जिससे बस को नियंत्रित करने में मदद मिली और एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में बस के ब्रेक फेल होना हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का पता पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा।