27 अगस्त: बिलासपुर जिले के झंडूता उपमंडल के बरठीं क्षेत्र की बलोह पंचायत में एक व्यक्ति की मारपीट के बाद मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान धमेंद्र सिंह (42) निवासी संगास्वी-2, तहसील झंडूता के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में मलांगण निवासी अनूप सिंह (44) उर्फ बंटी को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में युवती से कथित छेड़छाड़ को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है। हालांकि, वारदात के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा।
जानकारी के अनुसार धमेंद्र सिंह काम के सिलसिले में घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की तो बलोह स्थित वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के समीप उसके घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली। परिजन और स्थानीय लोग उसे उपचार के लिए स्वास्थ्य संस्थान ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि धमेंद्र सिंह के साथ घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर मारपीट की गई थी। घटना के दौरान कुछ अन्य लोगों के भी वहां मौजूद होने की बात सामने आई है। सूचना मिलने पर शाहतलाई पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
वीरवार को डीएसपी घुमारवीं और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा जरूरी साक्ष्य जुटाए। मृतक का पोस्टमार्टम एम्स बिलासपुर में करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब मारपीट की पूरी घटना, इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका और वारदात के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।
एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि हत्या के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारी घटनास्थल का निरीक्षण कर चुके हैं और मामले से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगामी कार्रवाई की जा रही है।