कालाअंब-पांवटा हाईवे पर ओवरलोड ट्रालों का कहर, हादसे के बाद एक घंटे तक लगा जाम

26 अगस्त: कालाअंब-पांवटा साहिब नेशनल हाईवे पर रेत और बजरी से लदे ओवरलोड भारी वाहन लगातार परेशानी का कारण बन रहे हैं। बुधवार को काली मंदिर के पास रेत से भरे एक ट्राले और कैंटर की टक्कर के बाद हाईवे पर करीब एक घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। राहत की बात रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई।

जानकारी के अनुसार नाहन की ओर जा रहा एक कैंटर अचानक सड़क पर स्किड हो गया। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहा रेत-बजरी से लदा ट्राला कैंटर से जा टकराया। हादसे की सूचना मिलते ही कालाअंब पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू करवाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी वाहनों को लेकर रोष है। लोगों का कहना है कि हाईवे पर आए दिन भारी ट्राले पलटने या खराब होने के कारण सड़क के बीचोंबीच खड़े हो जाते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है और लंबा जाम लग जाता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ओवरलोडिंग के मामलों में केवल चालान की कार्रवाई तक ही सीमित रहने से वाहन चालक बेखौफ होकर सड़कों पर दौड़ते हैं।

लोगों ने प्रशासन से हाईवे पर ओवरलोडिंग की नियमित और सख्त जांच करने, चढ़ाई वाले संवेदनशील स्थानों पर विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने तथा भारी वाहनों के नंबर प्लेट और चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की गहन जांच करने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सख्त कार्रवाई से ही ऐसे हादसों और यातायात अव्यवस्था पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *