भरमौर में साफ मौसम के बीच दरका पहाड़, कोडला उरई घटोर रोड पर आवाजाही ठप

25 अगस्त: चम्बा जिले के भरमौर क्षेत्र में मंगलवार सुबह साफ मौसम के बीच अचानक पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा दरककर कोडला उरई घटोर रोड पर आ गिरा। पहाड़ी से भारी मलबा और बड़े-बड़े पत्थर सड़क पर फैलने से मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

भूस्खलन के दौरान मार्ग से गुजर रहे कई वाहन दोनों ओर फंस गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि कोई भी वाहन मलबे की चपेट में नहीं आया। पहाड़ी से रुक-रुककर पत्थर और मलबा गिरने का सिलसिला जारी रहने के कारण मौके पर खतरा बना हुआ है।

सड़क बंद होने से रहनू कोठी, जगत, क्रूर और छतराड़ी पंचायतों का संपर्क प्रभावित हुआ है। स्थानीय लोगों को स्कूल, अस्पताल और बाजार तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है।

साफ मौसम में अचानक हुए भूस्खलन से ग्रामीणों में चिंता और दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान पहाड़ खिसकने की घटनाएं आम हैं, लेकिन सूखे मौसम में इस तरह पहाड़ का दरकना चिंता का विषय है।

घटना की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। सड़क से मलबा हटाने के लिए भारी मशीनरी लगाई गई है। पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से मार्ग पर जाने से बचने की अपील की है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *