25 अगस्त: जोगिंद्रनगर से आयुष विभाग के सुगमता केंद्र को सोलन के नौणी में स्थानांतरित करने के आदेशों के विरोध में मंगलवार को विभिन्न संगठन एकजुट होकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। केंद्र को जोगिंद्रनगर में ही बनाए रखने की मांग को लेकर पूरे शहर में सैकड़ों लोग एकजुट होकर नारेबाजी कर रहे हैं।
जोगिंद्रनगर के थाना चौक पर धरना देकर लोग स्थानांतरण के आदेशों का विरोध कर रहे हैं। वहीं, सुगमता केंद्र को जोगिंद्रनगर में ही रखने की मांग को लेकर क्रमिक अनशन भी जारी है, जिसमें महिलाएं भी बढ़-चढ़कर भाग ले रही हैं।
प्रदर्शन में दूसरे राज्यों से जोगिंद्रनगर पहुंचे किसान भी शामिल हुए और केंद्र के स्थानांतरण का विरोध जताया। विभिन्न संगठनों और स्थानीय लोगों ने सरकार से मांग की है कि सुगमता केंद्र को जोगिंद्रनगर से स्थानांतरित न किया जाए।