नादौन के रितेश शर्मा को राष्ट्रपति वीरता पुरस्कार, 1 सितंबर को अमित शाह करेंगे सम्मानित

25 अगस्त: नादौन से सटे ज्वालामुखी क्षेत्र के अपर घलौर निवासी जांबाज सैनिक रितेश शर्मा पुत्र एक्स सूबेदार मेजर ओम प्रकाश शर्मा को आतंकवादियों के विरुद्ध अदम्य साहस और बहादुरी के लिए भारत सरकार द्वारा राष्ट्रपति वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। आगामी 1 सितंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित अलंकरण समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उन्हें यह सम्मान प्रदान करेंगे। रितेश की इस उपलब्धि की सूचना मिलते ही क्षेत्रभर में खुशी की लहर दौड़ गई है।

रितेश के पिता ओम प्रकाश शर्मा ने बताया कि उनका बेटा वर्ष 2017 से 2022 तक लगातार पांच वर्षों तक कश्मीर घाटी में तैनात रहा। इस दौरान उसने आतंकवादियों के खिलाफ कई सफल ऑपरेशनों में अदम्य साहस और वीरता का परिचय दिया, जिसके लिए उसे राष्ट्रपति वीरता पुरस्कार के लिए चुना गया है। वर्तमान में रितेश श्रीनगर में हवलदार के पद पर सेवाएं दे रहे हैं।

रितेश वर्ष 2007 में एसएसबी की मेडिकल कोर में भर्ती हुए थे। उनकी इस उपलब्धि पर माता सुदेश, पत्नी अंजलि, भाई अरुण सहित परिवार के अन्य सदस्यों शशि, राकेश शर्मा, रितु, अंकुश, रेणु, रत्न चंद, भरत चंद, विपिन और वेद प्रकाश ने गर्व व्यक्त किया है।

रितेश शर्मा की वीरता और उपलब्धि पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और विधायक कमलेश ठाकुर सहित कई नेताओं ने उन्हें बधाई दी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *