27 नवम्बर इटावा के भरथना-बकेवर मार्ग पर स्थित ग्राम मोढ़ी में सड़क किनारे खड़ी एक कार में आयुष विभाग के चिकित्सक डॉ. प्रमोद कुमार सुनारिया बेहोशी की हालत में मिले। वह ड्यूटी समाप्त कर अपनी कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव मोढ़ी में अचानक उनकी कार सड़क किनारे रुक गई और वह कार के अंदर ही अचेत हो गए।
काफी देर तक कार स्टार्ट नहीं हुई और अंदर से भी कोई हलचल दिखाई नहीं दी तो ग्रामीणों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलने पर हल्का इंचार्ज गीता सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। इसी बीच चिकित्सक की पत्नी सीमा देवी भी घटनास्थल पर पहुंच गईं। ग्रामीणों की मदद से कार का शीशा तोड़कर ड्राइविंग सीट पर बैठे डॉ. प्रमोद कुमार को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
सीमा देवी ने पुलिस को बताया कि डॉ. प्रमोद कुमार की तैनाती इकदिल स्थित आयुष विभाग के चिकित्सालय में है। वर्तमान में उन्हें अस्थायी रूप से ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत पाली स्थित आयुष चिकित्सालय में अटैच किया गया है। वह बीमारी के कारण अस्वस्थ चल रहे थे, जिसके चलते यह स्थिति बनी। परिजन उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला मुख्यालय ले गए हैं।