21 अगस्त : विश्वप्रसिद्ध मणिमहेश यात्रा 2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए होली स्थित हेलिपैड से 25 अगस्त से मणिमहेश के लिए नियमित हेलिकॉप्टर सेवा शुरू होने जा रही है। यात्रा संचालन के लिए अधिकृत थंबी एविएशन और चिपसन एविएशन की टीमें होली हेलिपैड पहुंच चुकी हैं और उड़ान संचालन से जुड़ी तकनीकी व प्रशासनिक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
मणिमहेश यात्रा के दौरान हेलिटैक्सी सेवा के लिए ऑनलाइन बुकिंग भी शुरू हो गई है। भरमौर से गौरीकुंड के लिए एकतरफा किराया 3828 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि होली से गौरीकुंड तक एकतरफा यात्रा के लिए श्रद्धालुओं को 6255 रुपये किराया देना होगा।
होली हेलिपैड मुख्य सड़क के समीप स्थित है, जिससे श्रद्धालुओं को हेलिपैड तक पहुंचने में पैदल चलने की परेशानी नहीं होगी। यहां आवाजाही भी सुगम रहेगी। इसके अलावा हेलिपैड परिसर के पास विशाल पार्किंग की सुविधा उपलब्ध है, जहां एक साथ सैकड़ों वाहनों को सुरक्षित पार्क किया जा सकता है।