20 अगस्त: सिरमौर जिले की कमरऊ तहसील के बागनधार स्थित माइन में मंगलवार शाम हुए भारी भूस्खलन के बाद बुधवार देर शाम तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन तीनों शवों की बरामदगी के साथ पूरा हो गया। हादसे में मलबे की चपेट में आए ट्रक चालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान बड़वास निवासी अनिल कुमार, नेपाली मजदूर धन सिंह और नेपाली मूल के गजेंद्र सिंह के रूप में हुई है।
हादसे के बाद एनडीआरएफ, पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोग लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटे रहे। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद बचाव दलों ने दिनभर मलबा हटाकर दबे लोगों की तलाश जारी रखी।
रेस्क्यू अभियान के दौरान सबसे पहले ट्रक चालक अनिल कुमार (26) निवासी बड़वास का शव मलबे से बरामद किया गया। इसके बाद अन्य दो लोगों की तलाश जारी रही। शाम करीब 5 बजकर 48 मिनट पर नेपाली मजदूर धन सिंह (55), निवासी नगरपालिका बेदकोट, जिला कंचनपुर, नेपाल का शव बरामद किया गया। क्षेत्र में घनी धुंध के कारण कुछ समय के लिए बचाव कार्य प्रभावित हुआ, लेकिन टीमों ने अभियान जारी रखा।
अंधेरा होने से पहले बचाव दलों ने तीसरे व्यक्ति का शव भी मलबे से निकाल लिया। मृतक की पहचान नेपाली मूल के गजेंद्र सिंह, उम्र करीब 50 से 55 वर्ष, के रूप में हुई है। उनका शव करीब साढ़े छह बजे बरामद किया गया। इस तरह दिनभर चले अभियान में मलबे में दबे तीनों लोगों के शव बाहर निकाल लिए गए।
एसडीएम शिलाई जसपाल सिंह ने तीनों शवों के बरामद होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अनिल कुमार के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं धन सिंह और गजेंद्र सिंह के शवों को पोस्टमार्टम के लिए पांवटा साहिब भेजा गया है। दोनों का पोस्टमार्टम गुरुवार को किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम बागनधार स्थित माइन में पहाड़ से अचानक भारी चट्टानें और मलबा नीचे आ गया था। इसकी चपेट में दो डंपर और एक एलएनटी मशीन आ गई थी। हादसे के बाद तीन लोगों के मलबे में दबे होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
एनडीआरएफ की टीम ने पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से लगातार मलबा हटाकर फंसे लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद तीनों शवों को बाहर निकाल लिया गया।
डीसी सिरमौर प्रियंका वर्मा भी रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लेने मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बचाव कार्य में जुटी टीमों से स्थिति की जानकारी ली और अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा। प्रशासन अब पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के साथ हादसे के कारणों की जांच करेगा।