12 अक्तूबर: पुलिस थाना हमीरपुर के तहत कृष्णानगर में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 30.43 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। गुप्त सूचना के आधार पर रविवार रात को की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने किराए के मकान से नशे की खेप बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आकाश दीप सिंह निवासी मकबूलपुरा, अमृतसर, पंजाब के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी हमीरपुर में सैलून में काम करता था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर कृष्णानगर स्थित किराए के मकान में तलाशी ली गई। इस दौरान 30.43 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके संपर्कों का पता लगाने में जुटी है। जांच की जा रही है कि आरोपी कब से नशे के कारोबार में संलिप्त था और बरामद चिट्टा किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
पुलिस आरोपी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। पूछताछ के दौरान नशे की आपूर्ति से जुड़े अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि हमीरपुर पुलिस ने एक दिन पहले भी नशे के तीन अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की थी। इनमें एक महिला अपने विचाराधीन कैदी पति के लिए चिट्टा लेकर सब जेल हमीरपुर पहुंची थी, जबकि दो अन्य मामलों में भी नशा बरामद किया गया था।
पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलवीर सिंह ने बताया कि सैलून में काम करने वाले व्यक्ति से 30.43 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपी के संपर्कों का पता लगाने के साथ मामले की जांच कर रही है।