20 अगस्त: कुल्लू जिले के मनाली उपमंडल के बाड़ी प्राइमरी स्कूल में मिड-डे मील के दौरान परोसी गई खीर खाने के बाद करीब 40 बच्चों की तबीयत बिगड़ने के मामले में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कड़ा संज्ञान लिया है। शिक्षा मंत्री ने शिक्षा विभाग से पूरे मामले की रिपोर्ट तलब करते हुए दो दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
मंगलवार को स्कूल में बच्चों को मिड-डे मील के तहत खीर परोसी गई थी। इसे खाने के बाद कई बच्चों की तबीयत खराब होने की बात सामने आई। घटना के बाद स्कूल में तैयार किए गए मिड-डे मील की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
हालांकि, बच्चों की तबीयत बिगड़ने के वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। विभाग और प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने और रिपोर्ट सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बच्चों के बीमार होने का संबंध मिड-डे मील में परोसी गई खीर से था या इसके पीछे कोई अन्य कारण रहा है।