लाहौल-स्पीति की DC किरण भड़ाना के पिता पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की हत्या, CM सुक्खू ने जताया शोक

12 अक्तूबर: राजस्थान के भरतपुर जिले में क्रशर प्लांट को लेकर हुए विवाद में पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की हत्या कर दी गई। वह हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले की उपायुक्त (DC) आईएएस किरण भड़ाना के पिता थे। घटना पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने गहरा शोक व्यक्त किया है और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं जताई हैं।

जानकारी के अनुसार, भरतपुर जिले के भौंडा गांव में स्थित एक क्रशर प्लांट को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान 70 से 80 लोगों ने पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना और उनके साथ मौजूद लोगों पर लाठी-डंडों तथा पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में भड़ाना गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए पहले वैर उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया। वहां उपचार के दौरान रात करीब 11:30 बजे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने लाहौल-स्पीति की उपायुक्त किरण भड़ाना के पिता एवं पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना के आकस्मिक निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दुख की घड़ी में उनकी गहरी संवेदनाएं किरण भड़ाना और उनके परिवार के साथ हैं।

गौरतलब है कि मूल रूप से फरीदाबाद के रहने वाले अतर सिंह भड़ाना राजस्थान की बयाना विधानसभा सीट से विधायक रह चुके थे। उन्हें क्षेत्र के प्रमुख गुर्जर नेताओं में गिना जाता था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *