12 अक्तूबर: तपन इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, गुटकर, जिला मंडी में विभिन्न श्रेणियों के 11 रिक्त पदों को भरने के लिए 15 अक्टूबर, 2026 को साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि साक्षात्कार सुबह 10:30 बजे जिला रोजगार कार्यालय मंडी में होंगे। इन पदों में टीम लीडर के 2, सेल्स एग्जीक्यूटिव के 5, सर्विस एडवाइजर के 2 और टेक्नीशियन के 2 पद शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए युवक और युवतियां दोनों आवेदन कर सकते हैं। टीम लीडर के पद के लिए किसी भी विषय में स्नातक होने के साथ सेल्स में दो वर्ष का अनुभव जरूरी है। सर्विस एडवाइजर और टेक्नीशियन के पदों के लिए मैकेनिकल या इलेक्ट्रिकल ट्रेड में आईटीआई उत्तीर्ण होना तथा संबंधित क्षेत्र में अनुभव होना आवश्यक है। वहीं, सेल्स एग्जीक्यूटिव के पद के लिए अभ्यर्थी का 12वीं पास या स्नातक होना अनिवार्य है। सभी पदों के लिए आयु सीमा 18 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है।
चयनित अभ्यर्थियों को 12,750 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, निर्धारित पात्रता शर्तों को पूरा करने वाले युवाओं को हिमाचल प्रदेश श्रम, रोजगार एवं विदेशी नियोजन विभाग की औद्योगिक कौशल विकास भत्ता योजना, 2018 के तहत अधिकतम 24 माह तक 1,000 रुपये प्रतिमाह बेरोजगारी भत्ता भी मिल सकेगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि साक्षात्कार में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों का रोजगार कार्यालय में पंजीकरण होना अनिवार्य है। जिन अभ्यर्थियों का पंजीकरण नहीं है या जिनका पंजीकरण निष्क्रिय हो चुका है, वे ईईएमआईएस पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण या नवीनीकरण करवा सकते हैं।
इच्छुक अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के दिन अपने मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, उनकी स्वप्रमाणित छायाप्रतियां, आधार कार्ड, रोजगार पंजीकरण कार्ड, हिमाचली बोनाफाइड प्रमाण-पत्र और दो नवीनतम पासपोर्ट आकार के रंगीन फोटो साथ लाने होंगे। अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि और समय पर जिला रोजगार कार्यालय मंडी में उपस्थित होना होगा। साक्षात्कार में शामिल होने के लिए किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय मंडी के दूरभाष नंबर 01905-235508 पर संपर्क किया जा सकता है।