18 अगस्त: विकासखंड चौंतड़ा के एचपी शिवा परियोजना के तहत खड़ीहार क्लस्टर में लीची के पौधों की पहली खेप पहुंच गई है। करीब 10 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित किए जा रहे इस क्लस्टर में कुल 6,000 लीची के पौधे लगाए जाएंगे, जिनमें से 3,000 पौधों की पहली खेप पहुंच चुकी है।
पौधों की खेप पहुंचने पर स्थानीय बागवानों ने उत्साह के साथ पौधे प्राप्त किए। इस दौरान बागवानों को लीची के पौधों का उचित तरीके से रोपण करने का प्रशिक्षण भी दिया गया। उन्हें बताया गया कि प्रत्येक गड्ढे में पौधा लगाने के समय 10 से 15 किलोग्राम अच्छी तरह सड़ी-गली गोबर की खाद और 500 ग्राम सिंगल सुपर फॉस्फेट डालना सुनिश्चित करें। इससे पौधों के बेहतर विकास के साथ स्वस्थ और उत्पादक बगीचा तैयार करने में मदद मिलेगी।
खड़ीहार क्लस्टर के तहत कुल 74 बागवान लाभान्वित होंगे। एचपी शिवा परियोजना के माध्यम से क्षेत्र में लीची के बगीचे विकसित होने से बागवानों की आय बढ़ाने और उनकी आर्थिकी मजबूत करने में मदद मिलेगी।