18 अगस्त: उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि राजकीय महाविद्यालय खड्ड में 13.72 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन इनडोर स्टेडियम का कार्य करीब दो माह में पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने सोमवार को स्टेडियम का दौरा कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि स्टेडियम के तैयार होने से महाविद्यालय के विद्यार्थियों के साथ-साथ क्षेत्र के युवाओं को आधुनिक खेल और फिटनेस सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यहां मल्टीपर्पज हॉल के अलावा बास्केटबॉल, बैडमिंटन और वॉलीबॉल खेलने की सुविधा होगी। इसके साथ ही बॉक्सिंग रिंग, फिटनेस सेंटर, योग एवं मेडिटेशन हॉल तथा कैफेटेरिया भी बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षा के साथ खेल, फिटनेस और मानसिक स्वास्थ्य की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होने से युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और विभिन्न खेलों में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलेंगे।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली क्षेत्र में शिक्षा के साथ-साथ खेल अधोसंरचना को भी मजबूत किया जा रहा है। राजकीय महाविद्यालय खड्ड में बन रहा इनडोर स्टेडियम क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सरकार का प्रयास है कि विद्यार्थियों और युवाओं को अपने क्षेत्र में ही बेहतर एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाकर उन्हें आगे बढ़ने के अधिक अवसर दिए जाएं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्टेडियम के शेष कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए और निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि कार्य पूरा होने के बाद जल्द ही विद्यार्थियों और युवाओं को इन सुविधाओं का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।