चंबा के शिक्षक युद्धवीर टंडन को मिला राष्ट्रीय ‘स्टार मेंटर’ पुरस्कार

18 अगस्त: जिला चंबा के शिक्षा खंड सुंडला की राजकीय प्राथमिक पाठशाला मौड़ा में कार्यरत शिक्षक युद्धवीर टंडन को शैक्षणिक सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर ‘स्टार मेंटर’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई), नई दिल्ली की ओर से अपने 32वें स्थापना दिवस समारोह के दौरान प्रदान किया गया।

समारोह का आयोजन गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा में हुआ। एनसीटीई के अध्यक्ष पंकज अरोड़ा ने युद्धवीर टंडन को पुरस्कार प्रदान किया, जबकि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी वर्चुअल माध्यम से समारोह से जुड़े।

युद्धवीर टंडन को यह सम्मान नेशनल मिशन फॉर मेंटरिंग के तहत देशभर के शिक्षकों को ऑनलाइन माध्यम से निरंतर मार्गदर्शन और शैक्षणिक परामर्श देने के लिए प्रदान किया गया है। उन्होंने शिक्षकों के प्रशिक्षण और उनकी शैक्षणिक क्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

चंबा के दुर्गम ग्रामीण क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय में सेवाएं दे रहे शिक्षक का देशभर के शिक्षकों को ऑनलाइन मार्गदर्शन देकर राष्ट्रीय पहचान बनाना जिले के लिए गौरव की बात है। युद्धवीर टंडन इससे पहले राष्ट्रीय स्तर पर राष्ट्रपति और राज्य स्तर पर राज्यपाल से भी सम्मानित हो चुके हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *