17 अगस्त: धर्मशाला जिला मुख्यालय के साथ लगते शीला पासू में सोमवार सुबह हादसे में मृत अंकुश सोनी (42) को न्याय दिलाने की मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने धर्मशाला-चैतड़ू-कांगड़ा मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। सुबह करीब साढ़े 10 बजे प्रदर्शनकारियों ने अंकुश का शव सड़क पर रखकर धरना शुरू कर दिया, जिससे मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
अंकुश सोनी 10 अगस्त को धर्मशाला में पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास हुए सड़क हादसे में घायल हुए थे। हादसे में एक महिला डॉक्टर की गाड़ी की स्कूटी से टक्कर हुई थी। गंभीर रूप से घायल अंकुश का टांडा अस्पताल में करीब एक सप्ताह तक उपचार चला, लेकिन रविवार देर रात उनकी मौत हो गई।
मृतक के परिजनों ने आरोपी डॉक्टर को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने और उसे मौके पर लाने की मांग की। साथ ही परिवार के बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए प्रशासन से उचित सहायता की मांग भी उठाई। अंकुश अपने पीछे पत्नी शिवानी, दो छोटी बेटियां और आठ माह का बेटा छोड़ गए हैं। पत्नी शिवानी और उनकी माता ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई।
चक्का जाम की सूचना मिलते ही एसडीएम धर्मशाला मोहित रत्न, एएसपी कांगड़ा आरपी जसवाल सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी मांगें सुनीं। एसडीएम ने मामले की जांच करवाने और आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
प्रशासन के आश्वासन के बाद परिजनों ने शव को सड़क से हटा लिया। करीब ढाई घंटे बाद दोपहर एक बजे के आसपास मार्ग पर यातायात बहाल हो सका। चक्का जाम के दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।