राजगढ़ में दर्दनाक हादसा: मकान गिरने से मां-बेटी की मौत, 8 माह की गर्भवती थी पूजा

13 अगस्त: सिरमौर जिले के राजगढ़ उपमंडल की ग्राम पंचायत दीदग के छिछड़ियां गांव में बुधवार को हुए दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों को जिंदगीभर का गम दे दिया। अचानक एक मकान के भरभराकर गिरने से 60 वर्षीय निर्मला और उनकी 32 वर्षीय बेटी पूजा की मौत हो गई। पूजा करीब आठ महीने की गर्भवती बताई जा रही थी।

जानकारी के अनुसार, पूजा अपनी दो वर्षीय बेटी ईरा के साथ मायके आई हुई थी। परिवार को जरा भी अंदाजा नहीं था कि यह उसकी मायके की आखिरी यात्रा साबित होगी। हादसे में पूजा की मासूम बेटी ईरा समेत परिवार की एक अन्य बच्ची भी घायल हो गई। दोनों घायलों को ग्रामीणों की मदद से मलबे से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

बताया जा रहा है कि हादसे के समय मौसम पूरी तरह साफ था। इसके बावजूद अचानक मकान भरभराकर नीचे आ गिरा। मकान के अंदर मौजूद चारों लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे की आवाज सुनकर ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और अपनी जान की परवाह किए बिना मलबा हटाने में जुट गए। कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे में निर्मला की मौत से उनके पति भीम सिंह ने अपनी जीवनसंगिनी खो दी, जबकि पूजा की मौत से उसके पति के सिर से जीवनभर का साथ छिन गया। पूजा की शादी नौहराधार क्षेत्र में हुई थी। हादसे की सूचना मिलते ही उसके ससुराल पक्ष में भी शोक की लहर दौड़ गई। एक ही परिवार की दो पीढ़ियों की इस दर्दनाक मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *