जनजातीय मेले के लिए एचआरटीसी की विशेष बस सेवाएं, 12 मार्गों पर मिलेगी सुविधा

13 अगस्त: केलांग में 14 से 16 अगस्त तक आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय जनजातीय मेले को देखते हुए हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के केलांग डिपो ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों की सुविधा के लिए विशेष बस सेवाएं शुरू करने का निर्णय लिया है। क्षेत्रीय प्रबंधक अंशित शर्मा ने बताया कि मेले के दौरान यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए अतिरिक्त परिवहन व्यवस्था की गई है।

मेले के दौरान केलांग से कोकसर, नर्सरी, गोंधला, तांदीपुल, दारचा, उदयपुर, जाहलमा, शांशा, लपसक, गोहरमा, मेह (खंगसर) और नैनगार (नालडा) सहित 12 प्रमुख मार्गों पर विशेष बसें संचालित होंगी।

केलांग से अधिकांश रूटों पर बसें शाम 6 बजे रवाना होंगी। केलांग-मेह (खंगसर) बस शाम 5:30 बजे और केलांग-नैनगार (नालडा) बस दोपहर 2:45 बजे चलेगी। वापसी के लिए अलग-अलग मार्गों पर सुबह 7 बजे से 10 बजे तक बस सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।

मेले में देर शाम तक रुकने वाले यात्रियों के लिए एचआरटीसी ने लेट नाइट सर्विस की भी व्यवस्था की है। केलांग से कोकसर, दारचा और उदयपुर के लिए रात 10:30 बजे विशेष बसें चलाई जाएंगी, जिससे लोगों को मेले के बाद घर लौटने में सुविधा मिलेगी।

एचआरटीसी प्रबंधन के अनुसार बसों की यह समय-सारिणी संभावित है। यात्रियों की संख्या और मांग के आधार पर बसों की संख्या, मार्ग और समय में आवश्यक बदलाव किया जा सकता है। आरएम अंशित शर्मा ने स्थानीय लोगों, पर्यटकों और मेले में आने वाले अन्य आगंतुकों से इन विशेष बस सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *