12 अगस्त: शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने जुब्बल उपमंडल के दूरदराज खनाशनी क्षेत्र के दौरे के दौरान 15 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास किए।
उन्होंने 5 करोड़ 58 लाख रुपये की लागत से स्तरोन्नत होने वाली क्वालटा संपर्क सड़क के कार्य का भूमिपूजन किया। इसी मार्ग पर 2 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित पुल का लोकार्पण भी किया गया। शिक्षा मंत्री ने बताया कि इस पुल का निर्माण तीन वर्ष से भी कम समय में पूरा किया गया है, जो क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
रोहित ठाकुर ने धानसर संपर्क मार्ग के उन्नयन कार्य का भी भूमिपूजन किया, जिस पर 6 करोड़ 99 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा ग्राम पंचायत झालटा के अंतर्गत हरोट संपर्क मार्ग के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। इस मार्ग पर करीब 88 लाख रुपये खर्च होंगे।
अपने दौरे के अंतिम चरण में शिक्षा मंत्री ने धानसर में स्वर्गीय विजय सिंह ठाकुर एवं स्वर्गीय अनिल चौहान मेमोरियल वॉलीबॉल प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय युवक मंडल को 50 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि खनाशनी क्षेत्र उनके विधानसभा क्षेत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इस क्षेत्र से उनका पारिवारिक एवं भावनात्मक जुड़ाव रहा है। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों के विकास में सड़कों की अहम भूमिका है। सड़कें दूरदराज के क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने के साथ-साथ सेब बहुल क्षेत्रों में बागवानों के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण हैं। बेहतर सड़क सुविधा से किसान-बागवान अपनी फसल समय पर मंडियों तक पहुंचा सकते हैं और अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष क्षेत्र के सबसे दूरस्थ एवं सीमावर्ती धानसर-शिलोली सड़क का निर्माण किया गया था। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ उत्तराखंड के सीमावर्ती कोठीगाड़ क्षेत्र की किराणु और दुचाणु पंचायतों को भी लाभ मिलेगा। इसके अतिरिक्त खनाशनी क्षेत्र में 15 अन्य सड़कों की भी पासिंग की गई है।
रोहित ठाकुर ने कहा कि पिछले वर्ष मानसून के दौरान भारी बारिश से खनाशनी क्षेत्र की सड़कों को काफी नुकसान पहुंचा था। इसके बावजूद सेब सीजन को ध्यान में रखते हुए सड़कों को युद्धस्तर पर बहाल किया गया और बागवानों की फसल मंडियों तक पहुंचाने में किसी तरह की बाधा नहीं आने दी गई। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सेब सीजन के दौरान बागवानों को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस दौरान शिक्षा मंत्री ने स्थानीय ग्रामीणों से संवाद भी किया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में जुब्बल-कोटखाई-नावर कांग्रेस मंडल अध्यक्ष जितेंद्र मेहता, जिला परिषद सदस्य सरस्वती नगर नेहा मेहता, पंचायत समिति उपाध्यक्ष लोकपाल शरखोली, पूर्व पंचायत समिति उपाध्यक्ष संदीप सेहटा, युवा कांग्रेस अध्यक्ष दीपक काल्टा, ग्राम पंचायत गिलटाड़ी की प्रधान संजना कुमारी, उपप्रधान हीरानंद, पंचायत समिति सदस्य महीप चंगेटा सहित आसपास की पंचायतों के जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।