राजेंद्र राणा पर FIR से भड़की भाजपा, सुजानपुर में प्रदर्शन; 48 घंटे में कार्रवाई की मांग

11 अगस्त: भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद सुजानपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। सोमवार को भाजपा मंडल सुजानपुर और बमसन के कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया और एसडीएम के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर एफआईआर रद्द करने की मांग उठाई।

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ कानून का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की नाकामियों और चुनावी गारंटियों को लेकर सवाल उठाने पर भाजपा नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है, जबकि कांग्रेस नेताओं द्वारा कथित तौर पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों पर कार्रवाई नहीं की जा रही।

भाजपा पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि स्थानीय विधायक रणजीत सिंह राणा और कांग्रेस पदाधिकारियों की शिकायत के आधार पर राजेंद्र राणा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। उन्होंने कहा कि 14 जुलाई को हमीरपुर के गांधी चौक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक शब्द लिखे जाने के मामले में भी कार्रवाई होनी चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि विपक्ष लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता की आवाज उठाने का काम करता है। उन्होंने प्रदेश सरकार से राजनीतिक द्वेष के आधार पर कानून के कथित दुरुपयोग को रोकने और विपक्ष के खिलाफ दर्ज मामलों की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की।

भाजपा ने राज्यपाल से राजेंद्र राणा के खिलाफ दर्ज एफआईआर को रद्द करने, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने तथा राजनीतिक सवालों का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देने की मांग की।

ज्ञापन सौंपने वालों में भाजपा मंडल अध्यक्ष विक्रम राणा और जसवंत सिंह के अलावा सुरेश ठाकुर, सुरेश चौहान सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस बीच भाजपा ने सुजानपुर थाना प्रभारी के माध्यम से पुलिस अधीक्षक को भी ज्ञापन भेजा। इसमें 14 जुलाई को गांधी चौक हमीरपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक शब्द लिखने के मामले में कांग्रेस नेताओं के खिलाफ बीएनएस के तहत एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई। भाजपा ने चेतावनी दी कि यदि 48 घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो पुलिस थाना का घेराव किया जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *