10 अगस्त: गोपालपुर विकास खंड के तहत ‘मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार’ कार्यक्रम के अंतर्गत प्रथम बीपीएल क्लस्टर कार्यक्रम ग्राम पंचायत रखोटा में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत प्रधान माया देवी ने की।
कार्यक्रम में गोपालपुर विकास खंड की 16 पंचायतों के पात्र एवं बीपीएल परिवारों ने भाग लिया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, पात्रता शर्तों और योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया की जानकारी दी।
कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी गोपालपुर जगदीश शर्मा, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. वीर विक्रम सिंह, खाद्य निरीक्षक देशराज ठाकुर, उद्योग विभाग सरकाघाट के प्रसार अधिकारी अक्षय शर्मा तथा खंड विकास अधिकारी कार्यालय से पंचायत निरीक्षक शालिनी ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री शगुन योजना, मुख्यमंत्री सुख सुरक्षा योजना, सुख आश्रय योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने पात्र परिवारों से योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने और निर्धारित प्रक्रिया को समय पर पूरा करने का आग्रह किया।
इस दौरान लाभार्थियों ने विभिन्न योजनाओं से संबंधित सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने मौके पर समाधान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना और पात्र लाभार्थियों को इन योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाना रहा।