10 अगस्त: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की पहल पर प्रदेश सरकार की ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना के तहत मंडी जिला में अति निर्धन परिवारों के साथ जन-संवाद कार्यक्रम शुरू किया गया। यह कार्यक्रम 10 से 12 अगस्त तक जिले के विभिन्न विकास खंडों में आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में सदर विकास खंड की ग्राम पंचायत बीर और कोटली में जन-संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग के माध्यम से चिन्हित अति निर्धन परिवारों के विकास और कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
उपायुक्त अपूर्व देवगन ने बताया कि जन-संवाद के दौरान परिवारों की आवश्यकताओं, समस्याओं और सुझावों को जाना जा रहा है। प्राप्त फीडबैक के आधार पर प्रदेश सरकार द्वारा योजनाओं को और प्रभावी बनाने तथा उन्हें धरातल पर लागू करने की दिशा में काम किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से प्रदेशभर में करीब 1.78 लाख अति निर्धन परिवार चिन्हित किए गए हैं। यह प्रक्रिया आठ चरणों में पूरी की गई है। सरकार का उद्देश्य ऐसे सभी परिवारों तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, जो अब तक किसी कारणवश इन सुविधाओं से वंचित रहे हैं।
ग्राम पंचायत बीर में आयोजित कार्यक्रम में बीर, गुमाणु, सदोह, तरनोह और सदयाणा पंचायतों के परिवारों ने हिस्सा लिया। खंड विकास अधिकारी सदर सुरेंद्र ठाकुर ने लोगों को बीपीएल परिवारों को मिलने वाली सुविधाओं, आधार कार्ड से जुड़े लाभ तथा वंचित वर्गों के जीवन स्तर में सुधार के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे। अधिकारियों ने कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया और संबंधित योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध करवाई।
इस अवसर पर बीर पंचायत की प्रधान नीलम कुमारी, उपप्रधान सुभाष चंद्र, बीडीसी सदस्य प्रदीप कुमार, बाड़ी गुमाणू पंचायत के प्रधान रमेश चंद, सदोह पंचायत की प्रधान सुमन ठाकुर व उपप्रधान हेमराज तथा कोटली पंचायत के प्रधान राम लाल, उपप्रधान हरीश सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।