10 अगस्त: उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गरीब और जरूरतमंद परिवारों के कल्याण को प्राथमिकता देते हुए काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।
शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के रेहलू में रविवार को बीपीएल परिवारों से जुड़े मामलों को लेकर आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे पठानिया ने कहा कि बीपीएल सूची के पुनरीक्षण और पात्र परिवारों को इसमें शामिल करने के लिए सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने कहा कि इससे उन परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सकेगा, जो आर्थिक रूप से कमजोर होने के बावजूद लंबे समय से बीपीएल सूची से बाहर थे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार व्यवस्था परिवर्तन के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है। आपदा राहत मैन्युअल में बदलाव, इंतकाल अदालतों का आयोजन और निराश्रित बच्चों के लिए शुरू की गई सुखाश्रय योजना सरकार की इसी सोच का हिस्सा हैं। अब गरीब और जरूरतमंद परिवारों की पहचान कर उन्हें बीपीएल सूची में शामिल करने की प्रक्रिया को भी अधिक पारदर्शी बनाया जा रहा है।
पठानिया ने कहा कि प्रदेश में अति-गरीब परिवारों की पहचान के लिए व्यापक सर्वे करवाया गया है। सर्वे के दौरान ऐसे हजारों परिवार सामने आए हैं, जो लंबे समय से बीपीएल सूची में शामिल नहीं हो पाए थे और सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित थे। उन्होंने कहा कि सरकार ने बीपीएल परिवारों के चयन में आय सीमा को लेकर भी राहत दी है, जिससे अधिक पात्र और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि बीपीएल सूची में किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के लिए ग्राम सभाओं से प्राप्त सिफारिशों का दोबारा सत्यापन किया जा रहा है। इसके लिए उपमंडल और विकास खंड स्तर पर कमेटियां गठित की गई हैं। इस प्रक्रिया का उद्देश्य पात्र परिवारों का निष्पक्ष चयन करना और अपात्र लोगों को सूची से बाहर रखना है।
उपमुख्य सचेतक ने कहा कि सरकार द्वारा प्रदेशभर में ब्लॉक स्तर पर जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से जनप्रतिनिधि और अधिकारी सीधे लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और पात्र परिवारों के मामलों का मौके पर समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रशासन को जनता के और करीब लाना तथा जरूरतमंदों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध करवाना है।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य संदीप और सुरेंद्र, बीडीसी सदस्य कांता देवी व राजविंदर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पटाकू, रेहलू पंचायत प्रधान सीमा महाजन, सकोउ के कर्ण, पंचायत प्रधान नीलमा देवी, मझग्रां के सुरेश कुमार, दरगेला पंचायत प्रधान देशराज, ठारू के कुलविंदर सिंह, क्यारी की मंजू देवी सहित विभिन्न पंचायत प्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।