8 अगस्त: थल सेना की अग्निवीर भर्ती की संयुक्त प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना जिलों के अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर अपलोड कर दिए गए हैं। अभ्यर्थियों को ईमेल के माध्यम से भी इसकी सूचना दी गई है।
थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल श्रीधर राजन ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों का ग्राउंड टेस्ट, मेडिकल परीक्षण और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया 26 सितंबर से 6 अक्तूबर तक हमीरपुर के निकट अणु स्थित सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड एवं डिग्री कॉलेज परिसर में आयोजित होने वाली भर्ती रैली के दौरान पूरी की जाएगी।
उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे एडमिट कार्ड का अच्छी गुणवत्ता वाला रंगीन प्रिंट साथ लेकर आएं, ताकि बार कोड स्कैनिंग के दौरान प्रवेश में किसी प्रकार की परेशानी न हो। अभ्यर्थियों को वेबसाइट पर जारी सभी दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने तथा आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियों के साथ उनकी सेल्फ अटेस्टेड प्रतियां भी साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं।
भर्ती रैली में एडमिट कार्ड, आधार कार्ड, शैक्षणिक योग्यता के प्रमाण पत्र, बोनाफाइड हिमाचली प्रमाण पत्र, डोगरा क्लास या जाति प्रमाण पत्र, धर्म एवं अल्पसंख्यक प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, सेवारत या भूतपूर्व सैनिक के पुत्र होने का प्रमाण पत्र, अविवाहित होने का प्रमाण पत्र, निर्धारित प्रारूप में एफिडेविट सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज लाने होंगे। क्लर्क या एसकेटी पद के अभ्यर्थियों को ओ-लेवल प्रमाण पत्र तथा एनसीसी और खेल गतिविधियों से संबंधित प्रमाण पत्र भी साथ लाने होंगे। इसके अलावा बैंक खाता, पैन कार्ड और 20 पासपोर्ट साइज फोटो भी अनिवार्य रूप से साथ रखने होंगे।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के दूरभाष नंबर 01972-222214 पर संपर्क कर सकते हैं।