15 अगस्त को बड़सर में होगा हिमाचल का भव्य राज्य स्तरीय समारोह, सीएम सुक्खू होंगे मुख्य अतिथि

8 अगस्त: हिमाचल प्रदेश में इस वर्ष का राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह 15 अगस्त, 2026 को हमीरपुर जिले के बड़सर में आयोजित किया जाएगा। सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू राज्य स्तरीय समारोह की अध्यक्षता करेंगे। समारोह का शुभारंभ सुबह 11 बजे होगा।

सरकार ने सभी संबंधित उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल आयोजन के लिए आवश्यक तैयारियां और व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्य सचिव कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 15 अगस्त को बड़सर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा प्रदेश के विभिन्न जिलों में होने वाले जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोहों की अध्यक्षता के लिए मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियां भी तय कर दी गई हैं।

बिलासपुर में हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया जिला स्तरीय समारोह की अध्यक्षता करेंगे। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री चंबा में समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डॉ. धनी राम शांडिल सोलन में कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।

कृषि मंत्री चंद्र कुमार धर्मशाला में आयोजित होने वाले कांगड़ा जिला के समारोह की अध्यक्षता करेंगे। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान कुल्लू में स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी किन्नौर के रिकांगपिओ में आयोजित समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।

शिमला में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर स्वतंत्रता दिवस समारोह की अध्यक्षता करेंगे। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ऊना में आयोजित समारोह की अध्यक्षता करेंगे। नगर एवं ग्राम नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी सिरमौर के समारोह में मुख्य अतिथि होंगे।

आयुष मंत्री यादविंदर गोमा मंडी में होने वाले जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की अध्यक्षता करेंगे। वहीं विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को लाहौल-स्पीति के केलांग में आयोजित होने वाले समारोह की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *