7 अगस्त: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र में करीब 48 करोड़ रुपये की विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किए। इस दौरान उन्होंने मशोबरा में नवनिर्मित खंड विकास कार्यालय भवन का उद्घाटन भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के गरीब और जरूरतमंद वर्गों के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। करीब 1.75 लाख अति निर्धन परिवारों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से जल्द ही ‘अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ शुरू की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के करीब 10 लाख पात्र परिवारों को स्वास्थ्य बीमा सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए भी नई योजना तैयार की जा रही है। इससे पात्र परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में शिक्षकों के रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जा रहा है। विद्यालयों के शैक्षणिक ढांचे को मजबूत करने के लिए 87 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। सरकार का प्रयास है कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आवश्यक आधारभूत सुविधाएं भी उपलब्ध हों।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिला परिषद कर्मचारियों की मांगों और समस्याओं के उचित समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने मशोबरा में सीबीएसई स्कूल तथा लोक निर्माण विभाग के मंडल एवं उपमंडल कार्यालय भवनों के निर्माण के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाने की घोषणा की। इसके साथ ही क्षेत्र के लिए एक एक्स-रे मशीन उपलब्ध करवाने की भी घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीण ठोस कचरा प्रबंधन योजना के प्रथम चरण के तहत 137 वाहनों को रवाना किया। उन्होंने कहा कि योजना के अगले चरण में 700 और वाहन शामिल किए जाएंगे। इन वाहनों का संचालन ग्राम पंचायतों द्वारा किया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में ठोस कचरा प्रबंधन व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और ग्रामीण विकास को प्राथमिकता दे रही है। सरकार का उद्देश्य आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना और प्रदेश के समग्र विकास को आगे बढ़ाना है।
कार्यक्रम में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, विधायक सुंदर सिंह ठाकुर, हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, नशा निवारण बोर्ड के उप-संयोजक संजय भारद्वाज, राज्य विपणन बोर्ड के सलाहकार नरेंद्र ठाकुर, कैलाश फेडरेशन के अध्यक्ष बलदेव ठाकुर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।