हमीरपुर के LPG उपभोक्ताओं के लिए अहम सूचना, जल्द कराएं ई-केवाईसी

6 अगस्त: हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम की क्षेत्रीय प्रबंधक रीटा कुमारी ने जिला हमीरपुर के उन एलपीजी उपभोक्ताओं से 15 अगस्त से पहले ई-केवाईसी करवाने की अपील की है, जिन्होंने अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है।

उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार और तेल विपणन कंपनियों ने ई-केवाईसी की अंतिम तिथि 15 अगस्त निर्धारित की है। इसका उद्देश्य पात्र उपभोक्ताओं तक एलपीजी सुविधा और सब्सिडी का लाभ पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। इसलिए उपभोक्ता अंतिम समय का इंतजार न करें और समय रहते ई-केवाईसी करवा लें।

ई-केवाईसी के दौरान आधार सत्यापन, एलपीजी उपभोक्ता विवरण, मोबाइल नंबर और फेस ऑथेंटिकेशन (बायोमेट्रिक) की प्रक्रिया पूरी की जाती है। इसके लिए उपभोक्ताओं को गैस कनेक्शन की कॉपी, आधार कार्ड और आधार से लिंक मोबाइल फोन साथ लेकर अपनी गैस एजेंसी जाना होगा।

रीटा कुमारी ने बताया कि जिला हमीरपुर के बड़सर, सुजानपुर और नादौन तथा जिला ऊना के अंब और मैहतपुर स्थित निगम की गैस एजेंसियों में ई-केवाईसी की सुविधा उपलब्ध है।

उन्होंने चेतावनी दी कि समय पर ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को भविष्य में गैस सब्सिडी या घरेलू दरों पर एलपीजी सिलेंडर प्राप्त करने में कठिनाई हो सकती है। साथ ही सभी गैस एजेंसियों से भी आग्रह किया गया है कि वे छूटे हुए उपभोक्ताओं से फोन कॉल, एसएमएस और व्यक्तिगत संपर्क के माध्यम से संवाद स्थापित कर उनकी ई-केवाईसी जल्द पूरी करवाएं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *