15 अगस्त समारोह की तैयारियां तेज, नालागढ़ में हुई समीक्षा बैठक

6 अगस्त, कविता शान्ति गौतम : उपमंडलाधिकारी नालागढ़ नरेंद्र आहलूवालिया की अध्यक्षता में 15 अगस्त को आयोजित होने वाले उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और समारोह की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में बताया गया कि इस वर्ष उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन पुराने राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, नालागढ़ के मैदान में होगा। समारोह का मुख्य आकर्षण भव्य मार्च पास्ट और विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम रहेंगे।

उपमंडलाधिकारी नरेंद्र आहलूवालिया ने संबंधित विभागों को समारोह स्थल पर साफ-सफाई, आकर्षक सजावट, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समारोह को सफल बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय योगदान देने वाले नागरिकों को भी सम्मानित किया जाएगा। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं, ताकि समारोह गरिमामय, सुव्यवस्थित और भव्य तरीके से संपन्न हो सके।

बैठक में तहसीलदार नालागढ़ हुसन चंद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *