6 अगस्त: हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के आधुनिकीकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए बुधवार को कांगड़ा बस स्टैंड से पांच नई इलेक्ट्रिक बसों का शुभारंभ किया गया। एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ स्वयं इलेक्ट्रिक बस में सफर कर इसकी सुविधाओं का भी अनुभव लिया।
इस अवसर पर अजय वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के नेतृत्व में प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाया जा रहा है। इसी दिशा में एचआरटीसी के बेड़े में लगातार इलेक्ट्रिक बसों को शामिल किया जा रहा है और अगले वर्ष तक निगम की लगभग 50 प्रतिशत बसें इलेक्ट्रिक होंगी।
उन्होंने कहा कि कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र को इलेक्ट्रिक बस डिपो मिलना क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी उपलब्धि है। प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और प्रदूषण मुक्त परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाए। हाल ही में मुख्यमंत्री द्वारा 300 इलेक्ट्रिक बसों को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया था, जिनमें से पांच बसें अब कांगड़ा क्षेत्र के लोगों की सेवा के लिए समर्पित की गई हैं।
अजय वर्मा ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसें पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ एचआरटीसी की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत करेंगी। डीजल बसों की तुलना में इनके संचालन की लागत कम है, जिससे निगम को भविष्य में आर्थिक लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में एचआरटीसी के बेड़े में 1000 और इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जाएंगी, जिससे प्रदेश की परिवहन व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी पारुल कटियार, डीएम पंकज चड्ढा, आरएम साहिल कपूर, नगर परिषद अध्यक्ष सुमन वर्मा, जिला परिषद सदस्य इशांत चौधरी, उपाध्यक्ष राजकुमारी, पार्षद, विभिन्न पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान, वार्ड सदस्य तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।