6 अगस्त: सिहुंता-लाहड़ू निर्माणाधीन स्टेट हाईवे पर खोला के समीप गुरुवार को बिना बारिश के ही सड़क का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंसकर चनहाल खड्ड में समा गया। घटना के बाद कुछ घंटों तक बड़े वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। सड़क धंसने की इस घटना ने निर्माणाधीन हाईवे की गुणवत्ता और तकनीकी कार्यों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सड़क धंसने के बाद सुरक्षा के मद्देनजर बड़े वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। इस दौरान बसों और अन्य वाहनों को गरनोटा-मोतला वैकल्पिक मार्ग से भेजा गया। सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की टीम मौके पर पहुंची और मशीनों की मदद से सड़क को अस्थायी रूप से बहाल कर यातायात दोबारा शुरू कराया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह क्षेत्र पहले से ही संवेदनशील रहा है। उनके अनुसार, सड़क चौड़ीकरण के दौरान पुराने डंगे (रिटेनिंग वॉल) के नीचे नया डंगा बनाया गया था, जो खड्ड की ओर खिसक गया। इसी कारण ऊपर स्थित पुराना डंगा भी सड़क के हिस्से के साथ ढह गया। लोगों का कहना है कि बिना भारी बारिश के सड़क का इस तरह धंसना निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि आने वाले दिनों में भारी बारिश हुई तो सड़क का शेष हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो सकता है। उनका कहना है कि खोला क्षेत्र का बरसाती पानी इसी स्थान से होकर चनहाल खड्ड में जाता है, जिससे भविष्य में खतरा और बढ़ सकता है। उन्होंने विभाग से तकनीकी निरीक्षण कर स्थायी सुरक्षा दीवार बनाने की मांग की है।
लोक निर्माण विभाग सिहुंता के एसडीओ करनैल सिंह ने बताया कि सड़क क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलते ही विभाग ने तुरंत मलबा हटाकर आवश्यक मरम्मत कर यातायात बहाल कर दिया। उन्होंने कहा कि प्रभावित स्थल पर विभाग लगातार निगरानी रखे हुए है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी सुरक्षा संबंधी कार्य किए जाएंगे।