6 अगस्त: कांगड़ा जिले की भरवाना पंचायत के भुआणा गांव में करीब 9 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों की चोरी के मामले को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड की मांग करेगी।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात श्रवण कुमार के सूने घर को निशाना बनाकर चोर लाखों रुपये के आभूषण चुरा ले गए थे। उस समय परिवार बैजनाथ में रिश्तेदारी के एक समारोह में गया हुआ था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरदीप सिंह, कालू राम और बॉबी कुमार के रूप में हुई है। तीनों बैजनाथ में बिनवा खड्ड के पास रेलवे पुल के नीचे बनी झुग्गियों में रहते हैं। गुरदीप सिंह और कालू राम आपस में सगे भाई हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीनों को बैजनाथ से गिरफ्तार किया। हालांकि, चोरी किए गए आभूषण अभी तक बरामद नहीं हुए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पहले बैजनाथ में चोरी की योजना बनाई और बिना नंबर की बाइक से वारदात को अंजाम देने निकले। पहले नागटा पंचायत में एक सूने घर का ताला तोड़ा, लेकिन वहां कुछ नहीं मिला। इसके बाद भुआणा गांव पहुंचकर एक घर से करीब 9 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने चोरी कर लिए। बाद में मट्ट गांव में भी चोरी की योजना बनाई, लेकिन लोगों के जाग जाने पर मौके से फरार हो गए।
आरोपियों ने यह भी खुलासा किया कि चोरी के गहने उन्होंने बैजनाथ के एक व्यक्ति को मात्र 15 हजार रुपये में बेच दिए और रकम आपस में 5-5 हजार रुपये बांट ली। पुलिस अब गहने खरीदने वाले व्यक्ति की तलाश कर रही है। जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी मंगलवार और शनिवार को भगवान का वेश धारण कर गांव-गांव घूमते थे। इस दौरान वे पैसे मांगने के बहाने घरों की रेकी करते और रात के समय सूने मकानों को निशाना बनाते थे।
थाना प्रभारी पंचरुखी गोपाल कृष्ण ने बताया कि आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली है। जल्द ही चोरी किए गए आभूषण बरामद करने का प्रयास किया जाएगा। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच जारी है।